विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘राणाबाली’ को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना नजर आने वाली हैं। दर्शकों के बीच इस जोड़ी को लेकर पहले से ही काफी उत्साह है और अब फिल्म से जुड़ी नई झलक ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। विजय के जन्मदिन के अवसर पर मेकर्स ने फिल्म का खास मोशन पोस्टर जारी किया।
मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म के मोशन पोस्टर में विजय का जबरदस्त एक्शन अवतार देखने को मिला। वीडियो में घुड़सवारी वाले दृश्य की शूटिंग के कुछ बिहाइंड द सीन मोमेंट्स भी शामिल किए गए हैं। इन झलकियों में अभिनेता कठिन एक्शन सीन की तैयारी करते और पूरी मेहनत के साथ शूटिंग करते नजर आते हैं। कई बार गिरने के बावजूद उन्होंने दोबारा कोशिश कर सीन को शानदार तरीके से पूरा किया।
मेकर्स ने पोस्टर साझा करते हुए विजय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उन्हें “हमारा स्टैलियन” बताया। इसके साथ जारी एक अन्य पोस्टर में अभिनेता बेहद दमदार और रॉयल अंदाज में घोड़े पर सवार दिखाई दे रहे हैं। उनका यह लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे उनके करियर के सबसे अलग किरदारों में से एक मान रहे हैं।
फिल्म ‘राणाबाली’ बड़े स्तर पर तैयार की जा रही है और इसमें एक्शन, ड्रामा और भावनाओं का खास मेल देखने को मिलेगा। मेकर्स ने घोषणा की है कि यह फिल्म 11 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब दर्शकों को विजय और रश्मिका की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री देखने का बेसब्री से इंतजार है।
Check Out The Video:-